झुंझुनू में आरएएस परीक्षा में गड़बड़ी:नौ परीक्षार्थी निष्कासित, सेंटर को किया ब्लैक लिस्ट, नियुक्त पर्यवेक्षकों के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई

राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) द्वारा आयोजित राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी (प्रारंभिक) परीक्षा-2024 में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। परीक्षा केंद्र को ब्लैक लिस्ट कर दिया गया हैं। झुंझुनू जिले के एक परीक्षा केंद्र पर प्रश्न पत्रों के पॉलीबेग को परीक्षा कक्ष के बजाय केंद्राधीक्षक कक्ष में खोलने के कारण नौ परीक्षार्थियों को परीक्षा से निष्कासित कर दिया गया है। यह घटना सरस्वती बाल विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बलवंतपुरा, डूंडलोद में हुई, जिसे परीक्षा केंद्र संख्या 20-0080 के रूप में निर्धारित किया गया था। आरपीएससी के सचिव ने बताया कि प्रक्रियात्मक चूक हुई है, लेकिन परीक्षा की गोपनीयता और शुचिता भंग नहीं हुई है। इन सभी परीक्षार्थियों को एक साल के लिए आरपीएससी द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं से वंचित कर दिया गया है। आरपीएससी ने 18 फरवरी, 2025 को इन सभी नौ परीक्षार्थियों की व्यक्तिगत सुनवाई की। जांच में पाया गया कि परीक्षा शुरू होने से पहले स्टील ट्रंक खोलने के बाद प्रश्न पत्र पॉलीपैक में सुरक्षित थे। प्रत्येक पॉलीपैक में 24 प्रश्न पत्र अलग-अलग सील किए गए थे, जिन्हें केवल अभ्यर्थियों द्वारा परीक्षा कक्ष में खोला जाना था। केंद्राधीक्षक कक्ष में प्रश्न पत्र का ट्रंक और पॉलीपेक खोलने की प्रक्रिया के दौरान दो अभ्यर्थी (प्रीति यादव और विकास पंघाल) और दो राजपत्रित पर्यवेक्षक भी मौजूद थे। इससे स्पष्ट है कि प्रश्न पत्र की गोपनीयता भंग नहीं हुई है। सभी नौ परीक्षार्थियों ने भी अपनी सफाई में प्रश्न पत्र की गोपनीयता भंग नहीं होने की बात स्वीकार की है। केंद्राधीक्षक द्वारा मानक संचालन प्रक्रिया का पालन नहीं करने के कारण परीक्षा केंद्र को आरपीएससी द्वारा आगामी सभी परीक्षाओं के लिए ब्लेक लिस्ट सूची में डाल दिया गया है। पर्यवेक्षकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई नियुक्त पर्यवेक्षकों डॉ. महेंद्र सिंह जाखड़ और राजपाल गोदारा के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है। निष्कासित किए गए परीक्षार्थी हैं अशोक कुमार (रोल नंबर 4404749) दिनेश कुमार (रोल नंबर 4404746) हरीश कुमार (रोल नंबर 4404738) हितेश कुमार (रोल नंबर 4404743) मनीष कुमार (रोल नंबर 4404740) निखिल कुमार (रोल नंबर 4404735) प्रीति कुमारी (रोल नंबर 4404732) पुरुषोत्तम वर्मा (रोल नंबर 4404728) सोनल कुमारी (रोल नंबर 4404745)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *