कोडरमा के तिलैया थाना क्षेत्र में एक ही दिन में दो चेन स्नैचिंग की घटनाएं हुईं। पहली घटना सुबह 7 बजे सोनापट्टी गली में हुई। मॉर्निंग वॉक पर निकली अनिता देवी के गले से बाइक सवार दो युवकों ने चेन छीन ली। दूसरी घटना बुधवार की देर रात झुमरीतिलैया के झंडा चौक पर हुई। पीड़िता रेखा देवी पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर की रहने वाली हैं। वे अपने मायके मोरियामा में छुट्टियां मनाने आई थीं। बाजार में खरीदारी के दौरान झंडा चौक पर खड़ी रेखा देवी के गले से दो बाइक सवार युवकों ने चेन छीनने का प्रयास किया। सोने का लॉकेट ले गए युवक रेखा देवी की सतर्कता से चेन तो उनके हाथ में रह गई, लेकिन सोने का लॉकेट अपराधी ले गए। घटनास्थल के पास मौजूद तिलैया पुलिस के जवानों को जैसे ही सूचना मिली, वे अपराधियों का पीछा करने निकले। लेकिन तब तक अपराधी फरार हो चुके थे। इन घटनाओं से शहर के लोगों में डर का माहौल है। व्यस्त इलाके में भी अपराधियों के साहस पर सवाल उठ रहे हैं। तिलैया थाना प्रभारी ने बताया कि झंडा चौक के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस जांच कर रही है।


