झोटवाड़ा क्षेत्र में एक घर के बाहर खड़ी कार पर गोलीबारी का मामला सामने आया है। मंगलवार रात गोली कार की चालक साइड के शीशे को भेदती हुई अंदर जा घुसी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार से कारतूस का खोल बरामद कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना श्रीराम कॉलोनी, नानू पूरी झोटवाड़ा निवासी सत्यनारायण सैनी के घर के बाहर हुई। सत्यनारायण सैनी के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे उन्हें अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर उनका बेटा वैभव और पत्नी बाहर आए, जहां उन्होंने अपनी कार के चालक साइड के शीशे में छेद देखा। कार की जांच करने पर उसके पायदान पर एक कारतूस का खोल पड़ा मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सत्यनारायण सैनी अखबार बांटने का काम करते हैं, जबकि उनका बेटा वैभव एक होटल में कार्यरत है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। झोटवाड़ा थानाप्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया- सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर कारतूस के खोल को बरामद कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। प्रथमदृष्ट्या एक्सीडेंटल गोली चलने का मामला लग रहा है, फिर भी जांच पड़ताल के बाद ही मौके की स्थिति साफ हो पाएगी कि गोली चलाए जाने के पीछ क्या कारण रहे और कौन लोग इसमें शामिल है।


