भास्कर न्यूज | अमृतसर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने 6 जून को ब्लू स्टार ऑपरेशन की 41वीं बरसी के मौके पर दमदमी टकसाल के साथ संभावित टकराव को टालने की कवायद तेज कर दी है। एसजीपीसी प्रधान हरजिंदर सिंह धामी ने बताया कि बरसी शांतिपूर्वक तरीके से मनाने के उद्देश्य से कमेटी का एक शिष्टमंडल 2 जून को दमदमी टकसाल के प्रमुख बाबा हरनाम सिंह खालसा से मिलने चौंक मेहता जाएगा। धामी के ही नेतृत्व में शिष्टमंडल बाबा हरनाम सिंह के साथ बैठक करेगा। धामी ने कहा कि दमदमी टकसाल के प्रमुख के साथ बैठक का उद्देश्य पंथक एकता को मजबूत करना तथा 6 जून के समारोह के दौरान किसी भी प्रकार के टकराव को रोकना है। वहीं श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने मौजूदा घटनाक्रम के तहत समूह सिख पंथ व संगठनों को ब्लू स्टार आपरेशन की बरसी के मौके पर सभी मतभेद भुलाकर श्री अकाल तख्त साहिब की छत्रछाया में समारोह में शामिल होकर एकजुटता का प्रदर्शन करने की अपील की है।


