टिकट जिनी.in पर टिकट बने ‘जिन्न’:मैच के 46 हजार टिकट बेचने का दावा, पर पोर्टल-एप में पहले दिन ही बिके

रायपुर में बुधवार को खेले जाने वाले भारत विरुद्ध द. अफ्रीका मैच के टिकट को लेकर जमकर मारामारी है। ऐसा इसलिए क्योंकि बीसीसीआई ने जिस टिकट जिनी डॉट इन को टिकट बिक्री का जिम्मा सौंपा वहां से मैच के टिकट जिन्न की तरह चंद सेकंड में गायब हो गए हैं। इधर, टिकट की खरीदी करने के लिए रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के लोग ऑनलाइन साइट पर इंतजार ही करते रहे। वहीं, टिकट पूरी तरह से बिक जाने के बाद अब इनकी ब्लैक मार्केटिंग शुरू हो गई है। महंगे दामों में टिकट बेचे जा रहे हैं। हालात ये हैं कालाबाजारी करने वाले 2500 से 3500 रुपए वाले टिकट 10 हजार तक में बेच रहे हैं। एक दिन पहले ही पुलिस ने दो युवकों को टिकट बेचते हुए गिरफ्तार किया था। बावजूद इसके सोशल मीडिया साइट्स पर कई लोग लगातार टिकट बिक्री को लेकर पोस्ट कर रहे हैं। दरअसल, मैच को लेकर ऑनलाइन टिकटों की बिक्री 22 नवंबर से शुरू हुई। वहीं, ऑफलाइन टिकटों का वितरण 24 नवंबर से इंडोर स्टेडियम में चल रहा है। फैंस ऑनलाइन हुई टिकट बुकिंग में भी परेशान हैं। इधर, छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ का कहना है कि वे ब्लैक मार्केटिंग रोकने की कोशिश कर रहे हैं। एक आईडी पर 4 टिकट खरीदने वाला अपना टिकट आगे किसे देगा, इसे रोकना संभव नहीं है। एक टिकट से एक ही व्यक्ति स्टेडियम में प्रवेश कर सकता है। काउंटर पर बता रहे- सर्वर डाउन है कई लोगों ने शिकायत की कि भुगतान हो जाने के बाद भी टिकट कन्फर्म नहीं हुए। काउंटर पर पूछने पर स्टाफ ने कहा कि सर्वर की समस्या के कारण टिकट जारी नहीं हुए हैं। इस वजह से फैंस में नाराजगी दिखी। छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ 46 हजार टिकट बेचने का दावा कर रहा है। इसमें 1500 से लेकर 3500 रुपए के स्टैंड के टिकट और गोल्ड, सिल्वर, प्लेटिनम टिकट मौजूद हैं। दलाल बोले- आपको जितने चाहिए, उतने टिकट दे देंगे भास्कर को टिकट के लिए 2 दलाल का नंबर मिला। भास्कर ने दोनों से बात की। एक ने 2500 का टिकट 10 हजार में तो एक ने 3500 वाली टिकट 8000 में देने की बात कही। दोनों ने कहा कि जितनी टिकट चाहिए, उसकी व्यवस्था हो जाएगी। पानी फ्री, स्टेडियम में चस्पा होगा खाने-पीने का रेट चार्टः संघ ने 22 वॉटर फिल्टर लगवाए हैं। ताकि दर्शकों को पीने का पानी खरीदना ना पड़े। वेंडर्स खाने-पीने के सामानों का रेट चार्ट लगाकर घूमेंगे। दूसरी ओर पूरे स्टेडियम में रेट लिस्ट चस्पा की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *