राजिम| फिंगेश्वर जनपद के देवरी गांव में टीनशेड डालकर आम रास्ता बंद करने को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। मामला करीब एक साल पुराना है। शिकायत के बाद अफसर जांच के लिए गांव भी पहुंचे, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच और सचिव ने इस आम रास्ते पर टीनशेड बनवाया है। जबकि राजस्व रिकॉर्ड में यह रास्ता 1932 से आम रास्ते के रूप में दर्ज है। इस रास्ते से कई किसानों के घरों और हनुमान मंदिर तक आवागमन होता है। ग्रामीणों की शिकायत पर तहसीलदार और पटवारी ने स्थल निरीक्षण कर रास्ता अवरुद्ध पाया था। उन्होंने निर्माण कार्य रोकने के आदेश भी दिए थे। इसके बावजूद पूरा साल बीतने के बाद भी अवैध निर्माण नहीं हटाया गया। रास्ता अब तक बंद है। ग्राम पंचायत के वर्तमान सरपंच, उपसरपंच और पंचों ने गरियाबंद में जनदर्शन जाकर रास्ता खुलवाने की मांग की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि राजिम एसडीएम कार्यालय और फिंगेश्वर जनपद कार्यालय में मामला लंबित है। अधिकारी अनैतिक दबाव बना रहे हैं। पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रहे हैं। इससे भी ग्रामीण खासे परेशान हैं। ग्रामीणों की मांग है कि आम रास्ते से अतिक्रमण तत्काल हटाया जाए और टीनशेड का निर्माण किसी वैध स्थान पर कराया जाए, ताकि लोगों को आने-जाने में सुविधा मिल सके।


