राजिम | राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर पूरे प्रदेश में रजत जयंती वर्ष मनाया जा रहा है। इस मौके पर शासकीय राजीव लोचन स्नातकोत्तर कॉलेज में एनएसएस ने पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता रखी। प्रतियोगिता का विषय छत्तीसगढ़ राज्य: विकास के 25 वर्ष रहा। कार्यक्रम संस्था प्रमुख डॉ. सविता मिश्रा के निर्देशन और प्रभारी प्राचार्य एल. वर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। एनएसएस इकाई की संयोजक श्वेता खरे ने बताया कि स्वयंसेवकों ने छत्तीसगढ़ के 25 वर्षों के विकास को पोस्टरों के माध्यम से चित्रित किया। प्रतिभागियों ने राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और अधोसंरचना जैसे क्षेत्रों में हुई प्रगति को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कुमारी देव नंदिनी साहू को मिला। द्वितीय स्थान संतोषी साहू को और तृतीय स्थान संयुक्त रूप से टिक केश्वर भारती और नीलम को प्रदान किया गया। निर्णायक मंडल में सहायक प्राध्यापक मनीषा भोई, तामेश्वर मार्कंडेय और मुकेश कुर्रे शामिल रहे। प्रतियोगिता में निशा, लोकेश, राहुल, लाला, अंजलि, नीलम समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


