हरदा जिले की नगर परिषद टिमरनी में कार्यरत 94 दैनिक वेतनभोगी श्रमिकों को अब तक परिवर्तनशील महंगाई भत्ता (VDA) नहीं मिल पाया है। इस संबंध में वार्ड क्रमांक 6 के भाजपा पार्षद सुनील दुबे ने कलेक्टर सिद्धार्थ जैन को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पार्षद दुबे ने बताया कि 1 अप्रैल 2024 से 30 सितंबर 2024 तक की अवधि का महंगाई भत्ता अभी तक लंबित है। इसके अतिरिक्त, 1 अक्टूबर 2024 से 31 मार्च 2025 तक की अवधि का देय VDA भी कर्मचारियों को नहीं दिया गया है। परिषद में कार्यरत श्रमिकों का आरोप है कि श्रम विभाग द्वारा जारी आदेश स्पष्ट होने के बावजूद नगर परिषद स्तर पर स्वीकृति जारी नहीं की जा रही है। इससे उन्हें उनके वैधानिक अधिकारों से वंचित रहना पड़ रहा है। इस मामले में सीएमओ शेख अकबर का कहना है कि बजट की कमी के चलते महंगाई भत्ता देने में देरी हुई है। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष से चर्चा के बाद इस मामले को लेकर उचित निर्णय लिया जाएगा। पार्षद सुनील दुबे ने कलेक्टर से मांग की है कि नगर परिषद प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि श्रमिकों को समय पर परिवर्तनशील महंगाई भत्ता जारी हो सके और उन्हें राहत मिल सके।


