गिरिडीह। टीईटी अनिवार्यता संबंधी आदेश को वापस लेने की मांग को लेकर अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले 11 दिसंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर देशभर के लाखों शिक्षकों का विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित होगा। गिरिडीह जिले से भी दो सौ से अधिक शिक्षक भाग लेंगे। धरना-प्रदर्शन में भाग लेने वाले शिक्षक 10 दिसंबर को झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के गिरिडीह जिलाध्यक्ष बासुकीनाथ राय और जिला प्रधान सचिव सह राज्य उपाध्यक्ष मैनेजर प्रसाद सिंह के नेतृत्व में दिल्ली के लिए रवाना होंगे। मैनेजर प्रसाद सिंह ने कहा कि टीईटी अनिवार्यता आदेश से वर्षों से सेवा कर रहे शिक्षकों को चिंता में डाल दिया गया है। कई शिक्षक मानते हैं कि दशकों की निष्ठा और मेहनत के बाद पद पर बने रहने के लिए परीक्षा थोपना अन्यायपूर्ण और अव्यावहारिक है। कहा िक आदेश वापस नहीं लिया गया तो शिक्षकों का चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा।


