टीएसपी क्षेत्र में पंचायत चुनाव आरक्षण पर प्रदर्शन:रोटेशन प्रणाली लागू करने की मांग, एसडीएम कार्यालय का किया घेराव

डूंगरपुर जिले में समता आंदोलन समिति, ब्लॉक सीमलवाड़ा ने टीएसपी क्षेत्र में पंचायतीराज चुनावों में स्थायी आरक्षण व्यवस्था हटाने की मांग की है। समिति ने सीमलवाड़ा एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया और राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। समिति के ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश पंड्या के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय के बाहर एकत्रित हुए। उन्होंने टीएसपी क्षेत्र में रोटेशन प्रणाली लागू करने की मांग की। दिनेश पंड्या ने बताया कि टीएसपी क्षेत्र में सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित जाति के नागरिक भी बड़ी संख्या में रहते हैं। वे सामाजिक-आर्थिक विकास में सक्रिय भूमिका निभाते हैं, लेकिन लगातार आरक्षण के कारण पंचायत से लेकर संसद तक चुनाव लड़ने से वंचित हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान सभी नागरिकों को समान राजनीतिक अधिकार देता है, फिर भी टीएसपी क्षेत्र में सरपंच, प्रधान और जिला प्रमुख जैसे पद लंबे समय से आरक्षित हैं। इससे गैर-अनुसूचित जनजाति वर्ग की आवाज लोकतांत्रिक संस्थाओं तक नहीं पहुंच पा रही है और क्षेत्र का संतुलित विकास प्रभावित हो रहा है। समिति ने लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए टीएसपी क्षेत्र में पंचायतीराज चुनावों में रोटेशन प्रणाली लागू करने की मांग की है। इसके अतिरिक्त, जिन ग्राम पंचायतों में सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग की जनसंख्या 60 प्रतिशत से अधिक है, वहां आरक्षण हटाकर सभी वर्गों को चुनाव लड़ने का समान अवसर देने की भी मांग की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *