कोटा शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन गरूडव्यूह के तहत थाना रानपुर पुलिस ने दो बड़ी और प्रभावी कार्रवाइयों को अंजाम दिया है। इन कार्रवाइयों में कुल 345 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त की गई स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है। कोटा शहर एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार पर पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई की जा रही है। एडिशनल एसपी दिलीप सैनी के निर्देशन और डीएसपी मनीष शर्मा व थाना रानपुर पुलिस की टीमों ने यह सफलता हासिल की। पहली कार्रवाई दिनांक 6 जनवरी को की गई, जब थाना रानपुर पुलिस ने जगपुरा पुलिस चौकी के सामने झालावाड़ से कोटा आने वाले मार्ग पर नाकाबंदी कर रोडवेज बसों की सघन जांच की। जांच के दौरान एक रोडवेज बस में पीछे की सीट पर बैठे बजरंग सिंह निवासी लालाखेड़ी, जिला आगर मालवा (मध्यप्रदेश) के पास से काले रंग की प्लास्टिक थैली में रखी 298 ग्राम स्मैक बरामद की गई। आरोपी कोई वैध लाइसेंस या अनुज्ञापत्र नहीं दिखा सका। इस पर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर गहन अनुसंधान किया जा रहा है। दूसरी कार्रवाई 7 जनवरी को नाकाबंदी के दौरान की गई, जब पुलिस ने पैदल आ रहे पप्पू राम उर्फ रवि निवासी पाली को रोका। तलाशी में उसके कोट की जेब से 47 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी के पास भी कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। इस मामले में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों और तस्करों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


