सिरोही में बालिकाओं को दिया STEM करियर परामर्श:राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत शिक्षाविदों व विशेषज्ञों ने किया मार्गदर्शन

राष्ट्रीय आविष्कार अभियान और पीएम श्री योजना के तहत पीएम श्री गवर्नमेंट गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल, सिरोही की छात्राओं को विज्ञान, प्रौद्योगिकी और गणित (STEM) के क्षेत्र में मार्गदर्शन मिला। प्रख्यात शिक्षाविदों और विशेषज्ञों ने उन्हें करियर संबंधी परामर्श दिया। यह कार्यक्रम सत्र 2025-26 के अंतर्गत आयोजित किया गया। प्रिंसिपल हीरा खत्री और पीएम श्री योजना प्रभारी गोपाल सिंह राव ने बताया कि राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत स्कूल में बहुआयामी शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य स्कूल आधारित ज्ञान को छात्राओं के भविष्य के जीवन से जोड़ना है, ताकि विज्ञान और गणित को आनंददायक, व्यावहारिक और सार्थक बनाया जा सके। कार्यक्रम के दौरान विज्ञान और गणित की गतिविधियों में नवाचार तथा प्रौद्योगिकी के प्रभावी उपयोग पर विशेष ध्यान दिया गया। इस अवसर पर कुल पांच विशेषज्ञों ने प्रेरक वार्ताएं दीं। डॉ. अग्या ने गणित, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उपलब्ध व्यवसायिक अवसरों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में डॉ. एम.एस. सिंह, डॉ. बी.एस. चौहान, सेवानिवृत्त बीईईओ डॉ. भैराराम, डॉ. अजित सिंह और डॉ. हर्षवर्धन सिंह सहित अन्य शिक्षाविदों व विशेषज्ञों ने शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न रोजगार एवं करियर क्षेत्रों पर मार्गदर्शन किया। डॉ. सिंह ने बताया कि विशेषज्ञों से परामर्श मिलने से बालिकाओं में वैज्ञानिक कौशल, तार्किक सोच और समस्याओं को पहचान कर उनका समाधान खोजने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने यह भी बताया कि इसरो, आईआईटी, एनआईटी, आईआईआईटी, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान और उच्च रैंक वाले विश्वविद्यालयों के विशेषज्ञों के अनुभव साझा करने से बालिकाओं में बौद्धिक चेतना और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास होता है। उल्लेखनीय है कि सत्र 2025-26 में यह पांचवीं बार है जब राष्ट्रीय स्तर के प्रख्यात शिक्षाविदों व विशेषज्ञों की चर्चा एवं वार्ता बालिकाओं के लिए आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में स्कूल का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *