राजस्थान का वर्ष 2025-26 का बजट पेश करते हुए बुधवार को उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने सिरोही जिले को कई अनमोल तोहफे दिए हैं। सिरोही जिले को टीएसपी फंड की राशि मिलने की घोषणा होते ही सिरोही जिले के ग्रामवासी और आदिवासी क्षेत्र में खुशी का माहौल है। साथ ही सिरोही में खाद्य लैब बनने की घोषणा पर किसानों ने खुशी जताई। सिरोही के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं – जल जीवन मिशन 2028 तक बढ़ाने का सीधा फायदा सिरोही जिले को भी मिलेगा, सिरोही के कई गांव ऐसे हैं जहां अभी तक यह मिशन पूरा नहीं हो सका। इसके साथ ही गर्मी में पेयजल संकट ना हो, इसके लिए एक साल में 1000 ट्यूबवेल और 1500 हैंडपंप लगाने की घोषणा की है। – सिरोही की देवों की धरती मानी जाती रही है। ऐसे में मंदिरों की भोग राशि ₹3000 और पुजारी का मानदेय ₹7000 करने से पुजारी वर्ग में खुशी है। – राजस्थान के निजी क्षेत्र में डेढ़ लाख नौकरियां दिलवाने की घोषणा से जिले के बेरोजगारों काे एक नई दिशा मिलेगी। वहीं, 70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को घरों पर ही दवाइयां उपलब्ध करवाने की घोषणा से जिले के वृद्वजनों में काफी ज्यादा खुशी नजर आ रही है। जिले में कई गांव ऐसे हैं जहां फ्लोराइड की वजह से लोगों को अधिक आने जाने में परेशानी होती है उन्हें सबसे अधिक इसका फायदा मिलेगा। – पुरस्कृत खिलाड़ियों को जमीन आवंटित होने की खुशी खिलाड़ी वर्ग में काफी ज्यादा नजर आ रही है, कॉलेज में नशा मुक्ति केंद्र शुरू करने से इसका सीधा फायदा सिरोही जिले के कॉलेज के नशा करने वाले छात्रों को मिलेगा। – बजट घोषणा में कारीगरों की आंखों की फ्री जांच करके चश्मा दिए जाने का सबसे अधिक फायदा आबू रोड और पिंडवाड़ा तहसील में पत्थरों का काम करने वाले कार्य कारीगरों को मिलेगा। – महिला एवं बाल विकास की तरफ से संचालित आंगनबाड़ी में प्रति सप्ताह 5 दिन दूध दिए जाने की खुशी हर परिवार के उन बच्चों को सीधा लाभ देगी जो आंगनवाड़ी केंद्र जा रहे हैं। – राजस्थान नागरिक सुरक्षा कानून के तहत पुलिस को 1000 गश्ती वाहन और 1500 नए पद सुरक्षित होने से सिरोही जिले को भी इसका सीधा फायदा मिलेगा। राजस्थान के वर्ष 2025-26 के बजट को लेकर अजा मोर्चा भाजपा सिरोही के जिला महामंत्री प्रवीण राठौड़ बजट की सराहना करते हुए कहा है कि बजट बहुत ही जन हितैषी लाया गया है। हर वर्ग को ध्यान मे रख कर बजट पेश किया गया है। जिसमें युवाओं का ध्यान रखा गया है। साथ ही एससी-एसटी का विशेष ध्यान दिया गया है।


