टीकमगढ़ शहर के सैल सागर तालाब में हो रहे अवैध निर्माण को रविवार को रोक दिया गया। कलेक्टर विवेक श्रोतिय के निर्देश पर तहसीलदार सत्येंद्र सिंह गुर्जर और नगर पालिका सीएमओ ओमपाल सिंह भदोरिया ने मौके पर पहुंचकर यह कार्रवाई की। अधिकारियों ने तालाब की जमीन पर चल रहे निर्माण कार्य को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसी भी तरह के अवैध कब्जे से बचने की हिदायत भी दी। राजशाही दौर में बनाया गया था तालाब यह तालाब टीकमगढ़ शहर के बीचो-बीच राजशाही दौर में बनाया गया था। पिछले कई सालों से तालाब के चारों ओर अवैध तरीके से जमीन बेची जा रही थी, और अब तो लोगों ने तालाब के अंदर ही मकानों का निर्माण शुरू कर दिया था। कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए सैल सागर तालाब के सीमांकन के भी निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसे अवैध निर्माणों पर अंकुश लगाया जा सके। दरअसल, तालाब की जमीन अवैध तरीके से स्टांप पर बेची जा रही है। पहले तालाब के चारों ओर लोगों ने अवैध निर्माण कर मकान बना लिए। अब तालाब के अंदर मिट्टी डालकर जल स्रोत को धीरे-धीरे समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। तहसीलदार-सीएमओ ने बंद कराया अवैध निर्माण कुछ लोगों ने तालाब के अंदर ही मकान बनाना शुरू कर दिए हैं। आज कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार और सीएमओ ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य बंद कर दिए। कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने बताया कि सैल सागर तालाब के सीमांकन के निर्देश जारी किए गए हैं। जल्द ही सीमांकन प्रक्रिया के बाद तालाब क्षेत्र में आने वाले अवैध कब्जे को हटाया जाएगा।


