टीकमगढ़ जिले के जतारा थाना क्षेत्र के सिमरा खुर्द गांव में रविवार को जमीनी विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस घटना में तीन सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल 112 मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक इलाज के लिए जतारा अस्पताल ले जाया गया। यह विवाद सिमरा खुर्द निवासी लक्ष्मी प्रसाद लोधी से संबंधित 6 बीघा जमीन को लेकर था, जो राजनगर हार में स्थित है। यह जमीन उनके चाचा घनश्याम लोधी के नाम पर थी, जिनकी मौत हो चुकी है। गांव के पहलवान लोधी, चतुर्भुज लोधी और उनके परिजनों ने इस जमीन पर अपना अधिकार जताना शुरू कर दिया था और इसे अपने नाम करा लिया था। इस संबंध में एसडीएम जतारा के पास एक प्रकरण विचाराधीन है। कुल्हाड़ी और डंडों से हमला रविवार शाम करीब 4 बजे आरोपी पक्ष के लोग ट्रैक्टर लेकर विवादित जमीन पर बुआई करने पहुंचे। फरियादी पक्ष के लोगों ने उन्हें ट्रैक्टर चलाने से रोका, जिसके बाद आरोपी पक्ष के लगभग एक दर्जन लोगों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। एक ने मौके पर दो ने अस्पताल में तोड़ा दम इस खूनी संघर्ष में परमलाल लोधी, चतुर्भुज लोधी और बलराम उर्फ बल्ले लोधी की मौत हो गई। इनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने जतारा अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हमले में मुन्नी लोधी, रेखा लोधी, 7 वर्षीय स्नेहा लोधी और चतुर्भुज लोधी के 17 वर्षीय पुत्र करण लोधी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही जतारा थाना के एसआई एनएस ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसपीओपी पहुंचे अस्पताल जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम ने अस्पताल जाकर पीड़ित पक्ष से मुलाकात की और आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय और एएसपी ने भी घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने इस मामले में 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।


