टीकमगढ़ जिले में शनिवार को दो अलग-अलग स्थानों से कोबरा सांपों को रेस्क्यू किया गया। सर्प मित्र अमर सिंह लोधी ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर दोनों सांपों को सुरक्षित पकड़ा। पहला कोबरा सांप कुंवरपुरा निवासी हरप्रसाद कुशवाहा के घर से पकड़ा गया। दूसरा सांप नगर परिषद कारी निवासी भारत सोनी के पुराने मकान को गिराने के दौरान दिखा, जिसके बाद उन्होंने तत्काल अमर सिंह को सूचना दी। अमर सिंह ने बताया कि ये दोनों कोबरा सांप अत्यंत जहरीले होते हैं। इनमें न्यूरोटॉक्सिन जहर पाया जाता है, जो काटने पर शरीर को लकवाग्रस्त कर देता है और तंत्रिका तंत्र को नुकसान पहुंचाता है। समय पर इलाज न मिलने पर यह जानलेवा हो सकता है। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि सांप काटने पर तत्काल अस्पताल पहुंचें और एंटी-वेनम इंजेक्शन लगवाएं। झाड़-फूंक या तांत्रिक विधियों के चक्कर में न पड़ने की अपील की। रेस्क्यू किए गए दोनों सांपों को सुरक्षित तरीके से रिजर्व फॉरेस्ट एरिया में छोड़ा जाएगा। अमर सिंह लोधी अब तक जिले के विभिन्न स्थानों से 100 से अधिक जहरीले सांपों को पकड़कर जंगलों में छोड़ चुके हैं। उनके इस कार्य के लिए हाल ही में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह में कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने उन्हें सम्मानित भी किया था।


