टीकमगढ़ के बम्होरी कला थाना क्षेत्र में हुई चोरी का पुलिस ने शनिवार को खुलासा किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। जेवरात की अनुमानित कीमत 4 लाख 54 हजार रुपए है। खेत में पानी लगाने गया था परिवार जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम ने बताया कि 19 दिसंबर को ग्राम कपासी निवासी महेंद्र पिता मलखान राजपूत ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महेंद्र ने बताया था कि 18 दिसंबर को वह अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर खेत में पानी लगाने गया था। वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। एक जांच टीम का गठन किया गया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम कपासी के विजय सिंह राजपूत और राजबहादुर राजपूत को हिरासत में लेकर पूछताछ की। घर की छत के रास्ते घुस कर तोड़ा ताला पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने फरियादी महेंद्र राजपूत के घर की छत के रास्ते घुस कर ताले तोड़े और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने चोरी का सामान गांव में ही छिपा दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए जेवरात बरामद कर जब्त कर लिए गए। आरोपियों पर पहले से ही कई मामले दर्ज गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विजय सिंह पुत्र जगदीश राजपूत (28) और राजबहादुर उर्फ बहेलिया पुत्र हरचरण राजपूत (35) के रूप में हुई है, दोनों ग्राम कपासी के निवासी हैं। एसडीओपी ने बताया कि आरोपी विजय सिंह के खिलाफ पहले से गंभीर मारपीट और आबकारी अधिनियम के तहत 3 अपराध दर्ज हैं। वहीं, दूसरे आरोपी राजबहादुर के खिलाफ हत्या और गंभीर मारपीट के 3 मामले पहले से पंजीबद्ध हैं। 4 लाख के सोने-चांदी के जेवरात बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने का फलीदार हार, सोने की फुलीवाली पांचाली माला, सोने की 2 झुमकी, सोने की 1 जोड़ी कर्णफूल, सोने का गणपति जी का लॉकेट, चांदी की पायल और चांदी की 4 बिछिया बरामद की हैं। इन सभी जेवरात की कुल अनुमानित कीमत 4 लाख 54 हजार रुपए बताई गई है।


