टीकमगढ़ के बड़ागांव धसान थाना क्षेत्र के ग्राम अजनौर में आग लगने से एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। 33 वर्षीय अनीता लोधी पत्नी गौरीशंकर लोधी की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। मृतका के भाई अमित राजपूत ने अपनी बहन की हत्या का आरोप ससुराल वालों पर लगाया है। अमित के अनुसार, अनीता की शादी करीब 13 साल पहले अजनौर निवासी गौरीशंकर लोधी से हुई थी। शादी के बाद से ही वह पति और ससुराल पक्ष की प्रताड़ना झेल रही थी। अमित ने आरोप लगाया कि पति गौरीशंकर लोधी शराब के नशे में अक्सर अनीता के साथ मारपीट और गाली-गलौज करता था। अमित ने बताया कि 3 अक्टूबर को ससुराल में आग लगने से अनीता घायल हो गई थी। ससुराल वालों ने मायके पक्ष को तुरंत सूचना नहीं दी। अनीता को पहले जिला अस्पताल, फिर झांसी और बाद में ग्वालियर ले जाया गया। घटना के बारे में मायके वालों को 4 अक्टूबर को सूचित किया गया। इलाज के दौरान अनीता की मौत होने के बाद ससुराल वाले पोस्टमार्टम के लिए राजी नहीं थे। बड़े भाई के दबाव के बाद आज जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। अमित राजपूत का कहना है कि यह कोई दुर्घटना नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश है और उसकी बहन को जानबूझकर जलाया गया है। मृतका अपने पीछे दो छोटे बच्चे छोड़ गई है। मायके वालों ने घटना की शिकायत एसपी कार्यालय में दर्ज कराई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल को सील कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।


