टीकमगढ़ में सोमवार सुबह मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान में बादल छाए रहे और सुबह करीब 7 बजे तेज गड़गड़ाहट के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग ने पहले ही सोमवार और मंगलवार को बारिश की संभावना जताई थी। पिछले 24 घंटों के दौरान दिन और रात के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। शनिवार को अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री था, जो रविवार को बढ़कर 26.5 डिग्री पर पहुंच गया। इसी तरह, रात का तापमान 14 डिग्री से बढ़कर 15.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। किसान बोले- ओलावृष्टि होने पर गेहूं को नुकसान मौसम में आए इस बदलाव से किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसान रामदीन यादव ने बताया कि गेहूं की फसल में बाल आ गई हैं। यदि तेज हवा के साथ बारिश होती है, तो फसलों को नुकसान हो सकता है। रविवार को प्रदेश के कई जिलों में ओलावृष्टि भी हुई, जिससे किसानों को ओले गिरने पर फसलों के चौपट होने का डर सता रहा है।
पिछले पांच दिनों के तापमान पर नजर डालें तो दिन और रात के तापमान में तीन से चार डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। भू-अभिलेख कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री रहा। शनिवार को अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, रविवार को अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री और रात का तापमान 15.2 डिग्री रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार से मौसम साफ हो जाएगा और इस दौरान अधिकतम तापमान 24 से 27 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।


