टीकमगढ़ में 24 घंटे में 2.8 डिग्री बढ़ा तापमान:किसान बोले-धूप खिलने से फसलों की कटाई शुरू; आगामी दिनों में साफ रहेगा मौसम

टीकमगढ़ में पिछले तीन दिनों से दिन और रात के तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। बीते 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में 2.8 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री था, जो शनिवार को बढ़कर 27.8 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले पूरे हफ्ते में मौसम साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। पिछले कुछ दिनों से मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को ठंड से राहत मिली है। किसान बोले-धूप खिलने से फसलों की कटाई शुरु किसान इमरत पाल ने बताया कि जिले के अधिकांश इलाकों में सरसों की फसल पक गई है और कई किसानों ने कटाई शुरू कर दी है। दिन में तेज धूप निकलने से गेहूं की फसल भी पकने के लिए तैयार है। जिन किसानों ने पहले बुवाई की थी, उनकी गेहूं की फसल की कटाई मार्च के पहले हफ्ते में शुरू हो जाएगी। इसके अलावा, चना, मसूर और मटर की फसलें भी आगामी 10 से 15 दिनों में पककर तैयार हो जाएंगी। अगले 10 से 15 दिनों तक सुबह-शाम हल्की ठंड भू अभिलेख कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री दर्ज किया गया था। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। शनिवार को अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री रहा। मौसम विभाग का मानना है कि अगले 10 से 15 दिनों तक सुबह-शाम हल्की ठंड बनी रहेगी। इसके बाद यदि तापमान में वृद्धि जारी रही, तो ठंड की विदाई हो जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *