सरायकेला। सरायकेला थाना अंतर्गत सरायकेला-कांड्रा मुख्य मार्ग पर साहेबगंज के समीप शनिवार की सुबह घटी एक सड़क दुर्घटना में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुगनी में कार्यरत 45 वर्षीया एएनएम सुषमा बती सिंकु गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह करीब 11 बजे सुषमा बती सिंकु सरायकेला सीएचसी सेंटर से वैक्सीन लेकर टीकाकरण के लिए बोडीग्राम जा रही थीं। इसी दौरान टाटा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार गाड़ी से सुरक्षा को लेकर साइड लेने के क्रम में सड़क पर अचानक एक बकरी आकर स्कूटी के आगे चक्का में घुस गई जिससे स्कूटी अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिरकर बुरी तरह चोटिल हो गईं। उनके सिर पर गंभीर चोट आई है। स्थानीय लोगों और राहगीरों की तत्परता से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार के पश्चात उन्हें जमशेदपुर के एमजीएम के लिए रेफर कर दिया गया। ड्यूटी के दौरान हुई इस दुर्घटना की खबर मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और उनके सहकर्मियों में चिंता की लहर दौड़ गई है। अस्पताल में मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि वह अपनी ड्यूटी के प्रति बेहद गंभीर रहती हैं और आज भी वैक्सीन लेकर फील्ड में ही निकल रही थीं। बेहतर इलाज के लिए एमजीएम रेफर किया जा रहा है।


