जोधपुर में टूरिस्ट वीजा पर घूमने के लिए आई यूक्रेन की महिला की शनिवार को मौत हो गई थी। युक्रेन दूतावास की ओर से प्रतिनिधि नियुक्त करने के बाद आज मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर बॉडी सुपुर्द की गईं। अब महिला का अंतिम संस्कार जोधपुर में ही किया जायेगा। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना अधिकारी ईश्वर चंद्र पारीक ने बताया कि मृतका कैतरीना (58) यूक्रेन की रहने वाली थी। वर्तमान में 19 सेक्टर चौपासनी हाउसिंग बोर्ड में गौरव मिश्रा के घर पर रुकी हुई थी। मृतका इससे पहले भी तीन बार भारत आ चुकी है। इस बार 30 दिन के टूरिस्ट वीजा पर भारत आई थी। 6 दिसंबर की सुबह 8:30 बजे उठी थी। इस दौरान घर में रहने वाली एक बच्ची को गुड़ मॉर्निंग बोलकर वापस सो गई थी। इसके बाद वो 10:30 बजे तक उठी नहीं। इस पर उसे लेकर गौरव 108 एंबुलेंस में लेकर महात्मा गांधी हॉस्पिटल लेकर आए। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं इस घटना के बाद गौरव ने उनके पुत्र ओलंग को सोशल मीडिया के जरिए कॉल कर उसकी मौत की जानकारी दी। प्रारंभिक तौर पर सामने आया कि महिला की मौत हार्ट अटैक से हुई। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद इसका पूरा खुलासा हो सकेगा। इधर महिला की मौत के बाद पुलिस ने यूक्रेन के दूतावास की सूचना दी। यूक्रेनी दूतावास की ओर से उनकी बॉडी को लेने के लिए इंडियन फ्यूनरल सर्विस एजेंसी को हायर किया गया था। एजेंसी के प्रतिनिधि की ओर से बॉडी रिसीव की गई।


