टैगोर-मार्ग पर पार्किंग 50 नहीं 10 रुपए प्रति घंटा लगेगा:नीमच में नगरपालिका की बैठक में फैसला, सीसी रोड बनाने 4 करोड़ स्वीकृत

नीमच नगर पालिका परिषद के सम्मेलन में सोमवार को शहर के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। बैठक में रखे गए कुल 25 प्रस्तावों पर लंबी चर्चा हुई, जिसके बाद सभी पर सर्वसम्मति से मुहर लगा दी गई। इसमें पार्किंग शुल्क से लेकर वार्डों के परिसीमन तक के बड़े फैसले शामिल हैं। सम्मेलन में सबसे ज्यादा चर्चा टैगोर मार्ग पर लगने वाले पार्किंग शुल्क को लेकर हुई। शुरुआत में नगर पालिका ने इसके लिए 50 रुपए का शुल्क तय किया था, लेकिन सत्तापक्ष और विपक्ष के पार्षदों ने जनता पर बोझ बढ़ने का हवाला देकर इसका कड़ा विरोध किया। बहस के बाद परिषद ने प्रस्ताव में बदलाव किया और अब 10 रुपए प्रति घंटे के हिसाब से शुल्क लेने पर सहमति बनी है। शहर का होगा विस्तार, ‘अटल सेतु’ के नाम से जानी जाएगी पुलिया बैठक में शहर की सीमा बढ़ाने को लेकर भी बड़ा निर्णय लिया गया। इसके तहत आसपास के गांवों को नगर पालिका सीमा में जोड़ने का प्रस्ताव सरकार को भेजा जाएगा और वार्डों का नया परिसीमन (सीमा तय करना) किया जाएगा। इसके अलावा, प्राइवेट बस स्टैंड की पुलिया का नाम बदलकर अब ‘अटल सेतु’ करने का फैसला लिया गया है। 4 करोड़ से चमकेगी सड़कें, टैगोर मार्ग बनेगा ‘मॉडल रोड’ शहर के इन्फ्रास्ट्रक्चर को सुधारने के लिए करोड़ों रुपए के कार्यों को मंजूरी दी गई। वार्ड नंबर 25 के टैगोर मार्ग को ‘मॉडल रोड’ के रूप में तैयार किया जाएगा। साथ ही वार्ड 11, 14, 15 और 16 सहित अन्य इलाकों में सीसी रोड बनाने के लिए 4 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि स्वीकृत की गई है। टाउन हॉल के सुधार और पीएम आवास योजना के लिए नई जमीन देने के प्रस्ताव भी पास हुए। 400 कर्मचारियों को राहत और लीज के मामलों का निपटारा परिषद ने मानवीय फैसला लेते हुए स्वास्थ्य, जलप्रदाय और निर्माण शाखा में काम करने वाले 400 से अधिक अस्थाई कर्मचारियों को अगले 89 दिनों के लिए फिर से काम पर रखने की मंजूरी दी। साथ ही, सेवानिवृत्त और मृतक कर्मचारियों के परिजनों को दैनिक श्रमिक के तौर पर नियुक्त करने का रास्ता साफ हो गया। इसके अलावा लीज नवीनीकरण के 61 और नामांतरण के 47 मामलों का निपटारा कर लोगों को बड़ी राहत दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *