रघु सिन्हा आईटीएफ मास्टर्स 400 टूर्नामेंट का बुधवार को जयपुर में आगाज हुआ। जयपुर क्लब में शुरू हुए इस अंतरराष्ट्रीय टेनिस टूर्नामेंट के पहले दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला अंडर-40 पुरुष वर्ग में देखने को मिला। इस कैटेगरी में टॉप सीड पुनर भसीन को यह मैच जीतने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा। भसीन ने इस रोमांचक मुकाबले में भारत के ही रामकुमार चौधरी को 6-3, 7-5 से हराया। अन्य रोमांचक मुकाबलों में अंडर-45 पुरुष वर्ग में रंजू चेरियन ने दीपक शुक्ला को 6-4, 6-4 से और अंडर-40 में राजीव जाखड़ ने हरीश जाखड़ को 6-3, 6-3 से हराया। कई मैचों में सामने वाले खिलाड़ी के नहीं पहुंचने के कारण वाकओवर मिला जबकि कई मैच खेले ही नहीं जा सके। आरटीए सचिव राजीव शर्मा ने किया टूर्नामेंट का उद्घाटन टूर्नामेंट का उद्घाटन राजस्थान टेनिस संघ (RTA) के सचिव प्रो. राजीव शर्मा और उद्योगपति व खेलप्रेमी सुरेन्द्र गोलछा ने किया। रघु सिन्हा-माला माथुर ट्रस्ट के ट्रस्टी सुधीर माथुर ने कहा कि रघु सिन्हा के खेल के प्रति समर्पण के कारण ही यह टूर्नामेंट लगातार तीसरे साल सफलतापूर्वक आयोजित किया जा रहा है। रघु सिन्हा टेनिस क्लब के अध्यक्ष सुरेंद्र गोलछा ने कहा कि रघु सिन्हा के आदर्शों पर चलते हुए यह आयोजन अनुशासन, पारदर्शिता और उत्कृष्टता के साथ खेला जा रहा है। कोर्ट में राजीव शर्मा और सुरेन्द्र गोलछा ने रैकेट से गेंद उछालकर टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन किया। संयोजक ललित सिंह तलेड़ा ने बताया कि इस साल खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए स्क्रीन पर लाइव प्रसारण और मोबाइल पर रियल-टाइम स्कोर भी दिखाया जा रहा है। पहले दिन के अन्य रिजल्ट: पुरुष अंडर-45 : कौशिक गांगुली ने गौरव बहल को 6-3, 6-1 से, नितेश रूंगटा ने अरुण चौधरी को 6-4, 6-0 से, रोहन भसीन ने सुदीप जैन को 6-0, 6-2 से, अंडर-50 में दनवीर वर्मा ने अरुण पुरोहित को 6-2, 6-2 से, अभिजीत पाठक ने ललित तालेड़ा को 6-1, 6-1 से, अंडर-55 में राज दत्त ने शैलेन्द्र सिंह सोअम को 6-0, 6-3 से, अमरदीप सिंह ने बलन रामदास को 6-0, 6-1 से, राकेश कपूर ने योगमित्रा दिनकर को 6-1, 6-3 से, अंडर-40 में अनिंदितो गुहा ने अभिषेक साहू को 6-0, 6-1 से और अंजनी बंसल ने रियाज अहमद को 6-4, 6-3 से हराया।


