टोंक में कुल्हाड़ी-सरिए से ताबड़तोड़ वार कर पड़ोसी की हत्या:3 गंभीर घायल हॉस्पिटल में भर्ती; बाड़े में नींव खुदाई के दौरान हुआ था विवाद

टोंक में पुश्तैनी घर के पास बाड़े में नींव की खुदाई के दौरान दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया। पड़ोस में रहने वाले एक पक्ष ने दूसरे पर कुल्हाड़ी, सरिए और गंडासा से जानलेवा हमला कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी। जबकि 3 गंभीर घायलों का हॉस्पिटल में इलाज जारी है। पुलिस ने सात जनों से अधिक लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। घटना पीपलू थाना क्षेत्र के संदेड़ा गांव में गुरुवार की शाम को हुई। थानाधिकारी बोले- बाड़े से पत्थर हटाने की बात पर हुआ विवाद
पीपलू थाना अधिकारी राजकुमार बिरला ने बताया- ग्राम संदेड़ा निवासी पीड़ित पक्ष के दुर्गा लाल शर्मा ने रिपोर्ट दी है। बताया कि नवल किशोर, कैलाश चंद, कजोडमल शर्मा गांव संदेड़ा में घर पर पुश्तैनी गुवाड़ी में गुरुवार शाम को नींव की खुदाई कर रहे थे। इसी दौरान गांव में ही पड़ोस में रहने वाले मांगीलाल, लालाराम, रामलाल, रमेश, सांवरा, अंकित, रामअवतार, भगवती, पार्वती सभी एक साथ हाथों में धारदार हथियार, कुल्हाड़ी, सरिया और गंडासा लेकर आए। आते ही ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इसमें नवल किशोर के सिर में गंभीर चोट लगी। कैलाश के हाथ पर और दिनेश के पैरों में गंभीर चोट आई। बीच-बचाव करने आए कजोड़मल शर्मा पर भी हमला कर दिया। इसके बाद हमलवार फरार हो गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने नवल किशोर, कैलाश, दिनेश, कजोड़मल शर्मा को पीपलू अस्पताल पहुंचाया, जहां कजोड़मल शर्मा की हालत गंभीर होने के चलते टोंक अस्पताल रेफर किया, जहां पहुंचने पर कजोड़मल शर्मा को मृत घोषित कर दिया गया। आरोपियों पर हत्या और मारपीट का मामला दर्ज
थानाधिकारी राजकुमार बिरला ने बताया कि पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर पीपलू थाना पुलिस ने मारपीट और हत्या का मामला दर्ज किया है। सआदत अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। थानाधिकारी ने बताया कि गांव में इन लोगों के बाड़े है, जहां पर पत्थरों को हटाने के मामले में इन पक्षों में विवाद हुआ था। मामले में घायलों का भी मेडिकल करवाया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *