टोंक में जिला मुख्यालय समेत जिलेभर में एक बार फिर सोमवार को मौसम बदल गया है। हवा चलने से न्यूनतम तापमान ही नहीं अधिकतम तापमान के भी गिरने के आसार बने है। सुबह से ही अधिकांश स्थानों पर हवा चलने से लोगों को सुबह के समय ज्यादा गर्मी का एहसास नहीं हुआ। ऐसे में 24 घंटे में ही अधिकतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस गिरने के आसार है। जबकि न्यूनतम तापमान भी 24 घंटे में पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरा है। सोमवार को अधिकतम तापमान रविवार के मुकाबले 3 डिग्री गिरकर 39 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार है। वहीं न्यूनतम तापमान एक ही रात में यानि 24 घंटे में ही 5 डिग्री सेल्सियस गिरकर 23 डिग्री सेल्सियस रहा है। ऐसे में अब लोगों को रात में ही नहीं दिन में भी गर्मी का एहसास पहले के मुकाबले कम हो रहा है। ज्ञात रहे कि जिले में इन दिनों आए दिन ही मौसम बदल रहा है। कभी गर्मी का मौसम बन रहा है तो कभी हवा चलने से गर्मी से थोड़ा राहत मिल रही है। शुक्रवार को तेज गर्मी के चलते अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। फिर शनिवार को यह एक डिग्री सेल्सियस गिरकर 43 डिग्री सेल्सियस रह गया।
रविवार को भी मौसम में थोड़ा नमी रहने और हवा चलने से 24 घंटे में एक साथ 1 डिग्री सेल्सियस गिरकर अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहा। ऐसे ही न्यूनतम तापमान भी लगातार तीसरे दिन गिरा है। शुक्रवार रात को न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं शनिवार रात का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा था। वहीं रविवार रात को न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा।


