टोंक में जिला मुख्यालय समेत जिले के अधिकांश हिस्सों में 13वें दिन लोगों को कोहरे से निजात मिली हैं। शनिवार को जिले के अधिकांश जगह कोहरा नहीं छाया। इसके चलते लोगों को सुबह से ही सूर्य निकला हुआ दिखाई दिया। ऐसे में सर्दी, गलन, शीतलहर से परेशान लोगों को काफी राहत मिली है। उधर कोहरा खत्म सा होने और सुबह से ही कोहरा नहीं छाने से कड़क धूप का असर रहा। तापमान में भी बढ़ोतरी हुई। न्यूनतम बढ़ा है और अधिकतम तापमान बढ़ने के आसार है। शनिवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार है। जबकि शुक्रवार को अधिकतम 24 डिग्री सेल्सियस था। इसी तरह न्यूनतम तापमान भी 24 घंटे में ही 1 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ कर 11 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि इससे 24 घंटे पहले 10 डिग्री सेल्सियस था। ज्ञात रहे कि इस साल करीब सवा माह से अधिक समय से सर्दी का मौसम बना हुआ है, लेकिन 12 दिन से मौसम में गलन, कोहरा, शीतलहर का असर बना हुआ था। इसमें पिछले चार दिन सर्दी, शीतलहर का असर ज्यादा रहा। इसके चलते लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही थी। सुबह के समय कामकाजी लोगों को सुबह सुबह काम करने में काफी परेशानी हो रही थी। हालम यह था कि लोग सुबह के समय जरूरी कार्यो से ही घरों के बाहर आ-जा रहे थे। शुक्रवार से लोगों को सुबह करीब 9 बजे धूप निकलने से सर्दी से राहत मिली। उसके बाद से मौसम में सर्दी के असर कम होता जा रहा है।


