छत्तीसगढ़ के धमतरी में एक सड़क हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि बेटा घायल हो गया। भखारा रोड पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, ग्राम गुजरा निवासी 62 वर्षीय कल्लू राम साहू अपने बेटे मोतीलाल साहू के साथ बाइक पर लिमतरा परेवाडीह की ओर से मुख्य सड़क पर आ रहे थे। इसी दौरान जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रहे एक ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। बाइक ट्रक के नीचे फंसकर दो हिस्सों में बट गई टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक ट्रक के नीचे फंसकर दो हिस्सों में टूट गई। इस हादसे में कल्लू राम साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटे मोतीलाल साहू को गंभीर चोटें आईं। उसका जिला अस्पताल में इलाज जारी है। इधर, हादसे की सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है। आरोपी ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।


