सायला थाना क्षेत्र के जीवाणा में दोपहर करीब 12 बजे सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को सायला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। सायला थाने के हेड कॉन्स्टेबल गणपत ने बताया- जीवाणा से भीनमाल स्टेट हाईवे पर ऑयल मिल के पास दोपहर 12.30 बजे घटना होने की जानकारी मिली थी। जिसमें जीवाणा से भाण्डवा की ओर जा रहे बाइक चालक अमराराम पुत्र भोलाराम भील को पोषाणा की ओर से आ रहे ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सायला थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया- सूचना पर पहुंची पुलिस ने अमराराम के शव को सायला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया और मौके से भीड़ को हटाया। मौके पर खड़े ट्रक को कब्जे में लिया। चालक को भी दस्तयाब कर दिया गया है। इसके बाद मृतक के परिजनों को सूचना दी। शाम करीब 5 बजे शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार युवक मजदूरी करता था।


