भास्कर न्यूज | अंबिकापुर शहर के बिलासपुर चौक के पास रिंग रोड में शनिवार शाम ट्रक की टक्कर से बाइक सवार सड़क पर गिर गए। हादसे में पीछे बैठा युवक सड़क की तरफ गिरा और ट्रक के पहिए के नीचे आने से कुचलकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहा युवक दूसरी तरफ गिरा और उसे मामूली चोट आई। मृतक का नाम दीपक मानिकपुरी 39 वर्ष है और वह गांधीनगर थाना क्षेत्र के अटल आवास मुक्तिपारा में रहता था। शनिवार शाम को वह अपने साथी रवि कश्यप के साथ बाइक पर बिलासपुर चौक अपने रिश्तेदार से मिलने जा रहा था। इसी दौरान ये हादसा हो गया। इधर, हादसे के बाद ट्रक लेकर चालक भाग गया है। उसका पता नहीं चला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।


