नेशनल हाईवे 43, अंबिकापुर-रायगढ़ मुख्य मार्ग में स्थित सेदम में मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी दो छात्राओं को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और वाहनों की रफ्तार कम करने ब्रेकर बनवाने या बैरिकेट लगाए जाने की मांग की। मामला बतौली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को स्वामी आत्मानंद स्कूल की दो छात्राएं स्कूल जाने के लिए सड़क किनारे खड़ी थीं। उन्हें तेज रफ्तार में ट्रेलर वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गईं। मौके पर पहुंचे लोगों ने दोनों छात्राओं हेमा साहू व ऋतिका साहू को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बतौली पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें अंबिकापुर रेफर कर दिया। घायलों को निजी वाहन से अंबिकापुर पहुंचाया गया, जहां एक छात्रा की हालत गंभीर बताई गई है। भड़के लोगों ने किया चक्काजाम
हादसे के बाद ट्रक लेकर फरार चालक को मंगारी में पकड़ लिया गया। इधर हादसे से भड़के लोगों ने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने लगातार तेज रफ्तार के कारण हो रहे हादसों पर रोक लगाने के लिए नेशनल हाईवे में ब्रेकर या बैरिकेड लगाने की मांग रखी। सूचना मिलते ही मौके पर सीतापुर एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार बतौली एवं थाना प्रभारी बतौली पहुंचे। अधिकारियों ने कहा कि नेशनल हाईवे में स्पीड ब्रेकर नहीं बनाए जा सकते, लेकिन बेरिकेड्स लगाए जा सकते हैं। जल्द ही मौके पर बेरिकेड्स लगाए जाएंगे। समझाइश के बाद लोगों ने चक्काजाम समाप्त किया। बतौली पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज करते हुए ट्रेलर चालक सत्यम यादव, निवासी उत्तरप्रदेश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।


