बुधवार को एनएच-30 पर ग्राम ओड़िया (बेमेतरा) के पास हुए हादसे में युवक की मौत हो गई। लापरवाह हाइवा ट्रक चालक ने बाइक सवार को अपनी चपेट में लिया। इस हादसे में युवक की मौके पर मौत हो गई। मृतक का नाम प्रीतेश साहू (32) निवासी मिरमिटी (इंदौरी) है, जो दाढ़ी के सरकारी कॉलेज में गणित विषय का अतिथि प्रोफेसर था। बुधवार को मृतक अपने घर से ड्यूटी के लिए बाइक से दाढ़ी कॉलेज के लिए निकला हुआ था। इसी दौरान ग्राम ओड़िया में हाइवा ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। जिला अस्पताल बेमेतरा में शव का पीएम कराया गया। इसके बाद शव को परिजनों को सौंपा गया। मृतक का तीन वर्ष का एक बेटा है। पिता आत्माराम साहू शासकीय पूर्व माध्यमिक स्कूल ग्राम करही में प्रधान पाठक है। खंडसरा पुलिस चौकी ने मर्ग कायम किया है।


