नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव में राजपूत ढाबा के पास बुधवार शाम करीब 8 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में महिला और उसकी 10 वर्षीय बेटी की मौत हो गई। वहीं पति और 4 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल है। हादसा उस वक्त हुआ जब श्रीनगर निवासी देवेंद्र चौधरी अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ बाइक (एमपी 15 एनके 1375) से मगरधा गांव जा रहे थे। कामती-इमलिया मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक का पहिया मां-बेटी के ऊपर से गुजरा प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का पहिया दुगरवती और उनकी 10 वर्षीय बेटी प्रियंका के ऊपर से गुजर गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस ने घायलों को गोटेगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत में देवेंद्र चौधरी और उनकी 4 वर्षीय बेटी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही गोटेगांव पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी। हादसे को अंजाम देने वाले ट्रक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरे देखे जा रहे हैं।


