खंडवा में किसान को धमकाने और गालियां देने के मामले में एक बीज व्यापारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। किसान ने दो किलो धनिया बीज खरीदने के बाद बिल मांगा तो व्यापारी भड़क गया। व्यापारी और उसके बेटे ने किसान को घेर लिया। किसान थाने पहुंचा और शिकायत की। भकराड़ा गांव के रहने वाले किसान चंदन सिंह पंवार ने बताया कि, वह बुधवार शाम को धनिया बीज लेने के लिए नगर निगम के पीछे स्थित खंडेलवाल बीज पर पहुंचा था। बीज लेने के बाद मैंने फोन-पे पर पेमेंट किया और बिल मांगा तो व्यापारी ने देने से मना कर दिया। मैंने बिल की जिद की तो नाम-पता पूछा। गांव का नाम बताने पर वह गालियां देने लग गया। इधर, किसान के थाने पहुंचने के बाद व्यापारी खंडेलवाल भी पहुंच गया। एफआईआर ना हो इसके लिए व्यापारी ने एसपी और नेताओं को फोन किए। किसान ने भी कलेक्टर अनूप सिंह को फोन लगा दिया। शिकायत सुनने के बाद कलेक्टर ने कृषि विभाग के डीडीए को जांच निर्देश दिए। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने खंडेलवाल फर्म के व्यापारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली।


