ट्रक से टकराई बाइक, 26 वर्षीय युवक की हुई मौत

लुधियाना | चंडीगढ़ रोड पर घनी धुंध के बीच ट्रक और बाइक की टक्कर में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद वीरवार को परिजन यूपी से लुधियाना पहुंचे, जिसके बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। मृतक की पहचान आनंद के रूप में हुई है, जो यूपी के फर्रुखाबाद जिले के मोहनदीनपुर गांव का रहने वाला था। आनंद लुधियाना की एक फैक्ट्री में काम करता था और अपने बुजुर्ग माता-पिता का सहारा था। पुलिस के अनुसार हादसा सोमवार सुबह हुआ, जब सड़क पर घना कोहरा छाया हुआ था और दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान बाइक सवार आनंद सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आनंद सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक आनंद अविवाहित था। परिवार में उसके माता-पिता के अलावा दो बहनें और एक भाई हैं। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी गुरजीत सिंह ने बताया कि ट्रक चालक जरनैल सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुरुआती जांच में घनी धुंध और तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। हादसे के चलते कुछ समय के लिए चंडीगढ़ रोड पर यातायात भी प्रभावित रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *