ट्रम्प के बिग ब्यूटीफुल बिल को चर्चा की मंजूरी:सीनेट में 51-49 वोटों से प्रस्ताव पारित; मस्क बोले- यह विधेयक पागलपन, लाखों नौकरियां खत्म होगीं

अमेरिकी सीनेट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बिग ब्यूटीफुल बिल को चर्चा के लिए मंजूरी दे दी है। शनिवार देर रात हुई वोटिंग में सीनेट ने 51-49 वोटों के अंतर से एक प्रस्ताव पारित किया, जिससे सदन को बिल पर बहस शुरू करने की इजाजत मिल गई। दो रिपब्लिकन सीनेटरों ने प्रस्ताव के खिलाफ वोट दिया। वोटिंग के दौरान अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस मौजूद थे। क्योंकि टाई की स्थिति में उनके वोट करने की जरूरत पड़ सकती थी। ट्रम्प टैक्स और खर्च में कटौती करने वाले इस बिल को 4 जुलाई से पहले पारित कराना चाहते हैं। टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ इलॉन मस्क ने ट्रम्प के बिग ब्यूटीफुल बिल की एक बार फिर से आलोचना की है। मस्क ने शनिवार को X पर लिखा, ‘ट्रम्प का यह बिल अमेरिका में लाखों नौकरियां खत्म कर देगा और हमारे देश को बहुत बड़ा रणनीतिक नुकसान पहुंचाएगा।’ मस्क ने कहा, ‘यह पूरी तरह से पागलपन भरा और विनाशकारी है। यह कानून पुराने उद्योगों को रियायत देता है, लेकिन भविष्य के उद्योगों को तबाह कर देगा।’ मस्क ने पिछले महीने इस बिल को लेकर ट्रम्प प्रशासन में गवर्नमेंट एफिशिएंसी विभाग के प्रमुख के पद से इस्तीफा दे दिया था। हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में फाइनल वोटिंग होगी
करीब 940 पन्नों का बिग ब्यूटीफुल बिल शुक्रवार देर रात जारी किया गया था। इस पर हफ्ते के अंत तक बहस जारी रहने की उम्मीद है, जिसमें कई संशोधन और मतदान होंगे। अगर सीनेट बिल को पास कर देता है, तो यह फाइनल वोटिंग के लिए हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में वापस आएगा। इसके बाद व्हाइट हाउस में ट्रम्प की मंजूरी के लिए जाएगा। रिपब्लिकन पार्टी के पास दोनों सदनों में बहुमत है। हालांकि, डेमोक्रेट्स के अलावा रिपब्लिकन पार्टी के कुछ अपने नेता ही बिग ब्यूटीफुल बिल का विरोध कर रहे हैं। यह बिल हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में 22 मई को सिर्फ 1 वोट के अंतर से पास हो चुका है। इसके समर्थन में 215 और विरोध में 214 वोट मिले थे। बिग ब्यूटीफुल बिल को लेकर भिड़े थे मस्क और ट्रम्प ट्रम्प और मस्क ‘बिग ब्यूटीफुल बिल’ को लेकर आमने-सामने आ गए थे। ट्रम्प इस बिल के समर्थन में हैं, जबकि मस्क खिलाफ। ट्रम्प का दावा है कि यह ‘देशभक्ति से भरा हुआ’ कानून है। इसके पारित होने से अमेरिका में निवेश बढ़ेगा और चीन पर निर्भरता घटेगी। जबकि मस्क इसे पोर्क फिल्ड यानी कि बेकार खर्चों से भरा बिल मानते हैं। ट्रम्प ने मस्क को पागल बताया, तो मस्क बोले ट्रम्प एहसान फरामोश ट्रम्प और मस्क के बीच 5 जून को बिग ब्यूटीफुल बिल को लेकर बहस तब शुरू हुई जब ट्रम्प ने मीडिया से बात करते हुए मस्क को लेकर नाराजगी जताई थी। ट्रम्प ने कहा था कि जब हमने अनिवार्य तौर पर इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने के कानून में कटौती करने की बात कही तो मस्क को दिक्कत होने लगी। मैं इलॉन से बहुत निराश हूं। मैंने उनकी बहुत मदद की है। इसके बाद मस्क ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ट्रम्प को एहसान फरामोश बताते हुए लगातार कई ट्वीट किए। मस्क ने कहा कि मैं नहीं होता तो ट्रम्प चुनाव हार जाते। उन्होंने ट्रम्प पर महाभियोग चलाने तक की बात कही थी। इसके बाद ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर मस्क को निशाने पर लिया। उन्होंने लिखा- जब मैंने उनका ईवी मैंडेट (कानूनी आदेश) वापस लिया तो मस्क पागल हो गए। ट्रम्प ने मस्क की कंपनी को दी जाने वाली सब्सिडी खत्म करने की धमकी दी थी। यहां पढ़ें पूरी खबर… मस्क से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें…. मस्क ने इंटरव्यू में गांजा फूंका, व्हिस्की पी:ट्रम्प के साथ झगड़ा हुआ, सेक्शुअल हैरेसमेंट के आरोप भी लगे; 5 बड़े विवाद टेस्ला और स्पेसएक्स जैसी कंपनियों के मालिक इलॉन मस्क अपने इनोवेशन के लिए जितने जाने जाते है, उतने ही अपने बयानों और फैसलों के लिए भी चर्चा में रहते हैं। वे अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ झगड़े से लेकर सेक्शुअल हैरेसमेंट के आरोपों के कारण विवादों में रहे हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *