अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और न्यूयॉर्क सिटी के नव-निर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी के बीच शुक्रवार को व्हाइट हाउस में पहली मुलाकात हुई। इस दौरान ट्रम्प ने मीडिया के समाने ममदानी का बचाव किया। ट्रम्प ने कहा- हम न्यूयॉर्क को फिर से शानदार बनाना चाहते हैं। ममदानी जितना बेहतर करेंगे, मैं उतना ही खुश रहूंगा। ट्रम्प ने यहां तक कहा कि ममदानी कई कंजरवेटिव लोगों को हैरान कर देंगे और उनके कुछ विचार मुझसे से मिलते-जुलते हैं। ममदानी ने भी मीटिंग को प्रोडक्टिव बताया और कहा कि हमने किराया, राशन, बिजली बिल और रहने की बढ़ती कीमतों पर बात की। हम दोनों न्यूयॉर्क के 85 लाख लोगों के लिए जीवन को सस्ता बनाना चाहते हैं। माना जा रहा था ट्रम्प-ममदानी में तीखी बहस हो सकती है, लेकिन मीटिंग के दौरान माहौल काफी दोस्ताना रहा। ट्रम्प ने ममदानी की तारीफ करते हुए कहा कि हमारी मीटिंग बहुत अच्छी और फायदेमंद रही। ट्रम्प-ममदानी की मुलाकात के 10 इंट्रेस्टिंग मूमेंट 1- ट्रम्प बोले- हमारा मकसद न्यूयॉर्क को बेहतर शहर बनाना ममदानी से मुलाकात के बाद ट्रम्प ने कहा कि कुछ मुद्दों पर दोनों की राय अलग हो सकती है, लेकिन बातचीत से हल जरूर निकलेगा। ट्रम्प ने कहा कि या तो ममदानी उन्हें समझा लेंगे या फिर वह ममदानी को, लेकिन आखिर में फैसला वही होगा जो न्यूयॉर्क के लिए अच्छा होगा। ट्रम्प ने साफ कहा कि दोनों नेताओं का मकसद एक ही है न्यूयॉर्क को फिर से बेहतरीन शहर बनाना। उन्होंने कहा कि अगर ममदानी शानदार तरीके से काम करते हैं और शहर में सकारात्मक बदलाव लाते हैं, तो उन्हें इससे सबसे ज्यादा खुशी होगी।
2. मीडिया ने पूछा- ममदानी अब भी ट्रम्प को फासिस्ट मानते हैं प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक रिपोर्टर ने ममदानी से पूछा कि क्या वह अब भी ट्रम्प को फासिस्ट मानते हैं। सवाल सुनते ही ममदानी कुछ बोलने की कोशिश करते हैं, लेकिन ट्रंप खुद बीच में आ जाते हैं। वह कहते हैं- कोई बात नहीं, हां बोल दो। यह समझाने से आसान है। मुझे इससे फर्क नहीं पड़ता। यह मूमेंट इसलिए खास था न्यूयॉर्क मेयर इलेक्शन के दौरान दोनों ने एक दूसरे को लेकर काफी तीखी बयानबाजी की थी। ट्रम्प ने ममदानी को ‘कम्युनिस्ट पागल’ और ‘जिहादी’ कहा था, वहीं ममदानी ने ट्रम्प को ‘तानाशाह’ और ‘फासिस्ट’ बताया था।


