लुधियाना| ट्रांसपोर्ट नगर चौक में बाइक सवार बदमाशों ने कार में आ रहे भाइयों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने एक भाई को घायल कर दिया और उनकी कार तोड़ डाली। वारदात के बाद हमलावर एक बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए। मामले के बारे में पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन पीड़ित का आरोप है कि पुलिस एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। पीड़ित सावन सिंह ने बताया कि उसका भाई कुलविंदर हिमाचल से वापस आ रहा था। वीरवार रात वह उसे बस स्टैंड पर लेने गया था। जब वे कार में वापस आ रहे थे, तो पांच बाइक सवार युवकों ने उन्हें ट्रांसपोर्ट नगर चौक पर रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए हमला किया और उनकी गाड़ी तोड़ डाली। घटना के बाद हमलावर अपनी एक बाइक छोड़कर फरार हो गए।सावन सिंह ने बताया कि घटना की सूचना उसने पुलिस को दी, लेकिन पुलिस घटनास्थल पर देर से पहुंची। फिलहाल थाना डिविजन नंबर 3 की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वारदात ने इलाके में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि हमला बीच सड़कों पर और रात्रि में हुआ, जिससे लोग अब डर महसूस कर रहे हैं। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।


