भास्कर न्यूज | दुर्गूकोंदल ग्राम साधुमिचगांव के कसहापारा में ट्रांसफार्मर के करंट की चपेट में आने से भैंस की मौत हो गई। किसान धरमसाय जाड़े का भैंस ट्रांसफार्मर के पास चर रहा था। इसी दौरान वहां लगे खुले सर्किट की चपेट में आ गया। इसके चलते उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। गांव में हुई इस घटना ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि ट्रांसफॉर्मर के आसपास उचित सुरक्षा इंतजाम किए गए होते, तो इस प्रकार की घटना से बचा जा सकता था। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सिरो कोमरे ने संबंधित किसान को मुआवजा दिलाने की मांग की है। उन्होंने कहा बिजली विभाग की लापरवाही के कारण आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आती हैं। इससे ग्रामीणों और किसानों को नुकसान उठाना पड़ता है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन और बिजली विभाग से पीड़ित किसान को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।


