अंबिकापुर| गांधी स्टेडियम में संभाग स्तरीय नॉकआउट कम लीग फुटबॉल में हुए दो मैचों में ट्राइबल टाइगर अंबिकापुर और सरगुजा-11 की टीमों ने जीत हासिल की। दिन का पहला मैच ट्राइबल टाइगर अंबिकापुर और न्यू फुटबॉल क्लब जामदोहर के बीच हुआ। शुरुआत में ही ट्राइबल टाइगर ने 5वें मिनट में पहला गोल दाग बढ़त बनाई। हालांकि, जामदोहर की टीम को जल्द ही एक पेनल्टी मिली, जिसे उन्होंने गोल में बदल स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। दूसरे हाफ में ट्राइबल टाइगर ने लगातार तीन गोल किए, जिससे मैच 4-1 से उनके पक्ष में चला गया। दूसरा मैच सरगुजा-11 और बॉयज क्लब भटगांव के बीच हुआ। सरगुजा-11 की टीम ने पहले हाफ में एक गोल कर अपनी पकड़ बना ली। दूसरे हाफ में दो और गोल दागकर भटगांव की टीम पर भारी दबाव बनाए रखा। भटगांव की टीम गोल नहीं कर पाई और इस तरह सरगुजा-11 ने 3-0 के अंतर से मैच जीत लिया।


