बरवाडीह| आरपीएफ इंस्पेक्टर राकेश रंजन के नेतृत्व में सवारी ट्रेनों पर हो रहे पथराव और रेल संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सोमवार को इंस्पेक्टर ने राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे अधिनियम की धाराओं और दंड संहिता से विद्यार्थियों को अवगत कराते हुए कहा कि रेल अपराध गंभीर श्रेणी में आते हैं और इसमें दोषी पाए जाने वालों को सीधे जेल भेजने का प्रावधान है। इंस्पेक्टर ने बताया कि आपराधिक और शरारती तत्वों द्वारा आए दिन यात्री ट्रेनों और मालगाड़ियों पर पथराव किया जाता है, जिससे न केवल यात्रियों और रेलकर्मियों की जान जोखिम में पड़ती है बल्कि रेल संपत्ति को भी भारी नुकसान होता है।उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र और समाज में लोगों को इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने के लिए जागरूक करें और रेल अपराध रोकने में पुलिस का सहयोग करें। मौके पर पीके यादव, प्रिंसिपल सुनीता खालको, उज्जवल सिंह, अरशद अंसारी समेत अन्य लोग मौजूद थे। भास्कर न्यूज | महुआडांड़ प्रखंड क्षेत्र में वज्रपात की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। लगातार तीसरे दिन सोमवार दोपहर वज्रपात की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार, घटना चम्पा पंचायत अंतर्गत ग्राम कुरूद की है। यहां की निवासी मानती कुजूर (45 वर्ष), पति अनिल कुजूर, दोपहर करीब 2 बजे अपने घर के किचन रूम में बैठी हुई थीं। इसी दौरान अचानक तेज गर्जन और बारिश के बीच गिरी वज्रपात की चपेट में आने से वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। परिजनों ने तत्काल उन्हें ऑटो से महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमित खलखो ने प्राथमिक उपचार प्रारंभ किया। घटना की जानकारी मिलते ही चम्पा पंचायत की मुखिया सुषमा कुजूर भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचीं।


