जयपुर सवाई माधोपुर रेल मार्ग पर रविवार रात को चौथ का बरवाड़ा में एसडीएम कार्यालय के सामने एक युवक चलती ट्रेन की चपेट में आ गया। जिसके चलते मौके पर इसकी मृत्यु हो गई। इसकी सूचना रात 9:30 बजे चौथ का बरवाड़ा पुलिस को मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया गया। मृतक की पहचान उसके शव के पास मिले मोबाइल से हुई। शव की पहचान रामनरेश छीपा (38) पुत्र रूप राम छीपा निवासी छीपाबड़ौद जिला बारा के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के साथ शव बरवाड़ा CHC की मोर्चरी में रखवाया गया है। घटना की सूचना परिजनों को दी चौथ का बरवाड़ा थाना प्रभारी सुमन कुमार ने बताया कि एसडीएम कार्यालय के सामने रेलवे लाइन पर एक युवक के शव पड़े होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद मौके पर जाकर जानकारी ली गई। यहां शव के पास मिले मोबाइल से डायल नंबर पर फोन करने पर उसकी पहचान रामनरेश छीपा निवासी छीपाबड़ौद जिला बारा के रूप में हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि राम नरेश अपने दोस्त के साथ चौथ का बरवाड़ा आया था। उसका दोस्त मोटरसाइकिल से सवाई माधोपुर निकल गया और वह पैदल फोन पर बात करता हुआ रेलवे लाइन पर जा रहा था। इसी दौरान किसी ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों को सूचना कर दी गई है, लेकिन अभी तक परिजन नहीं पहुंच पाने के कारण शव पोस्टमार्टम नहीं किया जा सका है।


