चूरू के तारानगर थाना क्षेत्र में सोमवार को साहवा रोड पर एक ट्रेलर ने पिकअप को टक्कर मार दी। इस हादसे में पिकअप में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को निजी वाहन से तारानगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने उनका प्राथमिक इलाज किया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि घायल हरियाणा के बरवाला निवासी इंद्रपाल सिंह राजपूत (50) और बिल्लू राजपूत (30) हैं। घायलों से मिली जानकारी के अनुसार, वे दोनों हरियाणा के रहने वाले हैं और भेड़-बकरियां खरीदने का काम करते हैं। सोमवार सुबह भी वे भेड़-बकरियां खरीदने के लिए पिकअप लेकर निकले थे, तभी साहवा रोड पर यह हादसा हो गया। फिलहाल, दोनों घायलों का तारानगर के सरकारी अस्पताल में इलाज जारी है।


