रामानुजगंज के सनवाल क्षेत्र में गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद वाड्रफनगर अस्पताल से रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम सनवाल के तीन युवक बाइक से डिंडो से सनवाल की ओर जा रहे थे। डिंडो हाई स्कूल के सामने, विमलापुरम-सनवाल मार्ग से आ रहे एक ट्रैक्टर से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटनास्थल पर सड़क के एक ओर रेत और गिट्टी, और दूसरी ओर धान का पुआल रखा होने के कारण सड़क संकरी हो गई थी, जिससे यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि हेलमेट भी टूट गए थे। घायलों को पिकअप वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया हादसे के बाद मार्ग से गुजर रहे भाजपा नेता कृपाल कुशवाहा ने घायलों को अपने पिकअप वाहन से तत्काल वाड्रफनगर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने सुखलेश (21 वर्ष) और राजनाथ (30 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल शंख लाल को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है। घायल युवक हैदराबाद से गांव लौटा था बताया गया है कि शंख लाल हैदराबाद में मजदूरी करता था और हाल ही में गांव लौट रहा था। वह बस से उतरने के बाद मुरुकोल से दोनों युवकों के साथ बाइक पर सवार होकर सनवाल जा रहा था, तभी यह दुर्घटना हुई। तीनों युवक ग्राम सनवाल के निवासी थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


