गिरिडीह में गुरुवार की देर रात सड़क हादसे में एक विवाहित युवती की मौत हो गई। वो अपने भाई के साथ बाइक से ससुराल जा रही थी। इसी बीच ट्रैक्टर की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। घटना में मृतका का भाई गंभीर रूप से घायल है। हादसा देवरी थाना क्षेत्र के बड़ाडीह गांव के पास की है। मृतका की पहचान देवरी थाना क्षेत्र के पचंबा गांव निवासी शंकर राणा की पत्नी राधिका किशोरी (22) के रूप हुई है। राधिका की शादी एक साल पहले ही हुई थी। बालू लदे ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी राधिका गुरुवार की रात बरवाबाद स्थित मायके से भाई सातो राणा के साथ बाइक से अपने ससुराल जा रही थी। इसी बीच तेज रफ्तार एक बालू लदे ट्रैक्टर ने बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इससे भाई-बहन दोनों ही सड़क पर गिर गए और बेहोश हो गए। भाई की स्थिति गंभीर बनी हुई है टक्कर की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों और राहगीरों की सड़क पर भीड़ जुट गई। लोगों ने भाई-बहन को जमुआ स्थित अस्पताल भेजा। यहां डॉक्टर ने राधिका को मृत घोषित कर दिया। वहीं, भाई की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे परिजन शव को लेकर वापस देवरी लौट आए। इधर, हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। अवैध बालू ढोने की वजह से रफ्तार रहती है तेज लोगों ने कहा कि गिरिडीह में एक भी बालू घाट का टेंडर नहीं होने कारण जिले भर में इसका अवैध उत्खनन धड़ल्ले से किया जा रहा है। इसी का नतीजा होता है कि जब ट्रैक्टर चालक बालू को अपनी गाड़ी में लोड कर ले जाते हैं तो पुलिस से पकड़े जाने के डर से उनकी स्पीड तेज रहती है। इस कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।


