देवघर जिले के मधुपुर अनुमंडल में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बुढ़ई थाना क्षेत्र के जगदीशपुर के पास धावाटांड़ में एक बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बिहार के बटिया थाना क्षेत्र के घोंघा गांव निवासी दीपक सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर बुढ़ई थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। बाइक से मिले कागजात से पता चला कि वह जामताड़ा के मिहिजाम की है। पुलिस के मुताबिक, दीपक मधुपुर से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान धावाटांड़ के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। पेड़ से टकराने के कारण सिर में गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। थाना प्रभारी अशोक कुमार ने दल-बल के साथ शव को कब्जे में लेकर थाने ले आए। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। परिजन थाने पहुंच गए हैं। शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


