भास्कर न्यूज | लुधियाना फोकल पॉइंट थाना क्षेत्र के यादव चौक, ढंढारी खुर्द के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अनमोल बॉबी के रूप में हुई है। उनके बेटे अंशु ने बताया कि उनके पिता ई-रिक्शा चलाते हुए शेरपुर चौक की ओर जा रहे थे, तभी आरोपी ओमप्रकाश द्वारा चलाए जा रहे ट्रैक्टर ने उनके ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मृतक का सिर ट्रैक्टर के टायर के नीचे आ गया, जिससे कुचले जाने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। फोकल पॉइंट थाने के जांच अधिकारी राजिंदर सिंह ने बताया कि मृतक के बेटे के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों को भेजा गया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


