प्रतापगढ़ में छह महीने पहले हुई ट्रैक्टर चोरी के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस ने मामले के एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया था। छोटी सादड़ी थाना अधिकारी तेजकरण चारण ने बताया कि 4 जून को रावण मगरी निवासी कुशाल माली ने शिकायत दर्ज कराई थी कि रात के समय उनके घर के बाहर खड़ा उनका ट्रैक्टर किसी अज्ञात व्यक्ति ने चुरा लिया। उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पहले आरोपी नानूराम मीणा को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में पता चला कि इस चोरी में धोलापानी थाना क्षेत्र के नावनखेडी गांव का निवासी सूरज मोग्या भी शामिल था। पुलिस ने सूरज मोग्या की तलाश शुरू की, लेकिन वह फरार था। आज मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सूरज मोग्या को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है।


