ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर, दंपती गंभीर घायल:मुकन्दबास पुलिया पर हुआ हादसा, अलवर रेफर

रामगढ़ थाना क्षेत्र के मुकन्दबास गांव के पास पुलिया पर रविवार शाम करीब सात बजे ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना तेज था कि बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े। हादसे की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस को मौके पर बुलाया गया। घायलों को प्राथमिक रूप से रामगढ़ उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा अधिकारी डॉ. बाबूलाल यादव ने उनका प्राथमिक उपचार किया। दोनों की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें बेहतर इलाज के लिए अलवर रेफर कर दिया गया। तेज धमाके के बाद दिखा हादसे का मंजर प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार, पहले तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। जब लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि ट्रैक्टर और बाइक की जोरदार टक्कर हो चुकी थी। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जबकि घायल दंपती सड़क पर पड़े तड़प रहे थे। ग्रामीणों ने तुरंत रामगढ़ पुलिस को हादसे की जानकारी दी। सूचना पर रामगढ़ थाना पुलिस के एएसआई भोलेराम मीणा अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक घायलों को अलवर रेफर किया जा चुका था। पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी है। बरवाड़ा के रहने वाला है घायल दंपती घायल दंपती की पहचान गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के बरवाड़ा निवासी उमेश कुमार पुत्र दुलाराम और उनकी पत्नी लक्ष्मी देवी के रूप में हुई है। बताया गया कि उमेश कुमार के पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि लक्ष्मी देवी के हाथ में गंभीर चोट आई है। चिकानी से गांव लौटते समय हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, उमेश कुमार और उनकी पत्नी लक्ष्मी देवी चिकानी से अपने गांव बरवाड़ा लौट रहे थे। इसी दौरान मुकन्दबास गांव के पास पुलिया पर सामने से आ रहे ट्रैक्टर से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *