झारखंड के पलामू जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में राइस मिल ट्रैक्टर के मालिक की मौत हो गई। नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के चराई टू पंचायत के करनिवा गांव में हुई इस घटना में 52 वर्षीय संजय शौंडिक उर्फ साहेब की मौत हो गई। घटना रविवार की रात की है। संजय अपने राइस मिल ट्रैक्टर से धान कूटकर रिसीयापा गांव से नौडीहा बाजार लौट रहे थे। हालांकि वह पैरों से चलने में असमर्थ थे, फिर भी उन्होंने ड्राइवर को उतारकर खुद ट्रैक्टर चलाने का जोखिम लिया। करनिवा गांव के पास ट्रैक्टर असंतुलित होकर पलट गया और वे उसके नीचे दब गए। रात का समय होने के कारण घटना की जानकारी परिजनों और ग्रामीणों को देर से मिली। काफी प्रयास के बाद जब ट्रैक्टर को सीधा कर संजय को निकाला गया, तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। मृतक सेवानिवृत्त शिक्षक अमृत प्रसाद के पुत्र थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सोमवार को पोस्टमॉर्टम के लिए मेदिनीनगर भेज दिया है।


